East Singhbhum: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत गोहला पंचायत के देवली गांव स्थित वेजिटेबल फार्मिंग क्लस्टर का निरीक्षण किया। यह क्लस्टर जेएसएलपीएस के सहयोग से संचालित है, जिसके माध्यम से स्थानीय किसान सब्ज़ी उत्पादन, दलहन खेती एवं पशुपालन अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर रहे हैं।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने किसानों से सीधा संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि वे अरहर एवं मूंग की खेती भी कर रहे हैं, लेकिन प्रसंस्करण सुविधा नहीं होने से उन्हें बाजार में उचित लाभ नहीं मिल पाता। उन्होंने दाल प्रसंस्करण हेतु मशीन और उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की।
उपायुक्त ने किसानों को आश्वस्त किया कि प्रशासन इस दिशा में आवश्यक पहल करेगा, ताकि स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण इकाई स्थापित कर किसानों की आमदनी बढ़ाई जा सके। उन्होंने किसानों को किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) का गठन करने की सलाह दी, जिससे सरकारी योजनाओं, अनुदान और प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं सामूहिक रूप से उन्हें मिल सकें।
साथ ही उन्होंने तकनीकी सहयोग, उन्नत बीज, जैविक खेती और विपणन की संभावनाओं पर भी चर्चा की। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों से उत्पादन बढ़ाया जा सके। उन्होंने सब्ज़ी और दलहन उत्पादों के संगठित विपणन चैनल से जोड़ने पर भी बल दिया।
इस अवसर पर प्रभारी जिला योजना पदाधिकारी सुदीप्त राज, प्रखंड विकास पदाधिकारी मुसाबनी अदिति गुप्ता, डीपीएम जेएसएलपीएस सुजीत बारी समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें: Pakur: प्रोजेक्ट प्रयास के तहत एंडेवर अकादमी में नामांकन के लिए 700 बच्चों ने दी परीक्षा









