Pakur: शहर में नो एंट्री नियमों की धज्जियाँ उड़ाते हुए भारी वाहनों का आवागमन लगातार जारी है। इसके खिलाफ शनिवार सुबह करीब 7 बजे हाटपाड़ा इंदिरा चौक के पास लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर सड़क जाम कर दिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे और शाम 4 बजे से रात 10:30 बजे तक नो एंट्री लागू रहने के बावजूद बड़े वाहन बिना रोक-टोक शहर में प्रवेश कर रहे हैं। तेज रफ्तार से चलने वाले इन वाहनों के कारण स्कूली बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। लोगों ने कहा कि कई बार डंपर और ट्रक स्कूल के बच्चों के बेहद करीब से तेज़ी से गुजरते हैं, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
नो एंट्री उल्लंघन से नाराज़ लोगों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिसके चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आमजन को परेशानी झेलनी पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया।
शहरवासियों ने प्रशासन से सख्ती बरतने और नो एंट्री नियम का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो वे और बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
ये भी पढ़ें: Pakur: सखी दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित, 24 सितंबर को होगा रक्तदान शिविर









