Sahibganj: साहिबगंज जिले के एक स्कूल में एक दर्दनाक हादसे में चौथी कक्षा के छात्र की मौत हो गई। घटना प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, छोटी कोदरजन्ना की है। बीते मंगलवार की दोपहर लंच के समय खेलने के दौरान 10 वर्षीय छात्र प्रतिक राज पंडित डेस्क से गिर गया, जिससे उसके पेट में गंभीर चोट लगी। इलाज के लिए मालदा ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
घटना दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, लंच के समय सभी बच्चे स्कूल में खेल रहे थे जबकि शिक्षक स्टाफ रूम में बैठे थे। प्रतिक भी अपने दोस्तों के साथ खेलते समय डेस्क पर चढ़ा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। डेस्क से पेट में लगी चोट इतनी गंभीर थी कि वह दर्द से कराहने लगा।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए निजी क्लिनिक ले गए। वहां से उसे मालदा रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मजदूर परिवार से था छात्र
प्रतिक के पिता राजेश पंडित मजदूरी का काम करते हैं। प्रतिक अपनी नानी के घर पुरानी साहिबगंज में भी अक्सर रहता था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं पूरे स्कूल में शोक की लहर है। गांव में मासूम की मौत से मातम पसरा है।
स्कूल प्रबंधन पर उठे गंभीर सवाल
गांव के लोगों ने आरोप लगाया है कि विद्यालय में पढ़ाई व्यवस्था बेहद लचर है। कई बार शिक्षक कक्षाओं में रहने के बजाय नीचे बैठकर मोबाइल चलाते रहते हैं। ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया कि परीक्षा समय से 10 मिनट पहले क्यों समाप्त की गई? हादसे की सूचना मिलने के बाद भी शिक्षक खुद बच्चे को देखने क्यों नहीं पहुंचे? दो मंजिला बिल्डिंग की छत और परिसर में निगरानी क्यों नहीं थी? स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी शिक्षकों की है, लेकिन प्रबंधन में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है।
इस घटना पर जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) कुमार हर्ष ने बताया कि, “प्रधानाचार्य ने फोन पर जानकारी दी कि बच्चा डेस्क से गिर गया था। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।” उन्होंने कहा कि वे फिलहाल जिला से बाहर हैं, लेकिन साहिबगंज पहुंचते ही पूरी जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Sahibganj पुलिस का शानदार प्रदर्शन, संथाल परगना क्षेत्रीय शूटिंग प्रतियोगिता 2025 में लहराया परचम









