Dumka: झारखंड के दुमका जिले ने एक बार फिर नवाचार और उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्य के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। जिले की दो अभिनव पहल “दीदी की दुकान” और “24×7 ऑनलाइन शिक्षा समर्थन” को नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा आयोजित “यूज़ केस चैलेंज” में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। एलबीएसएनएए (LBSNAA), मसूरी में आयोजित कार्यक्रम में दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा को यह प्रतिष्ठित “यूज़ केस चैलेंज अवार्ड” प्रदान किया गया।
“दीदी की दुकान” पहल के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोज़गार और आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ा गया है। इस योजना ने न केवल ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को सुदृढ़ किया है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में भी प्रेरित किया है। वहीं, “24×7 ऑनलाइन शिक्षा समर्थन” पहल ने दुमका जिले के विद्यार्थियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम तैयार किया है, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुली हैं।
यह उपलब्धि दुमका जिले के लिए गर्व का विषय है और यह दर्शाती है कि नवाचार और प्रतिबद्धता के बल पर प्रशासनिक व्यवस्था जनहित में नई मिसालें कायम कर सकती है।
दुमका जिले की दो नवाचार पहल — “दीदी की दुकान” और “24×7 ऑनलाइन शिक्षा समर्थन” — को नीति आयोग द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।@HemantSorenJMM @NITIAayog @EduMinOfIndia @LBSNAA_Official pic.twitter.com/hA1M6unfYl
— DC_Dumka (@DumkaDc) October 10, 2025
यह भी पढ़ें: Dumka: तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 का शुभारंभ, जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना









