Tinpahar/Sahibganj: घरों में चोरी तो सुनी थी, दुकानों से सामान उड़ाने की भी आदत पड़ चुकी है… पर अब चोरों की नज़र मकानों से आगे कब्रिस्तान तक पहुंच गई है। तीनपहाड़ स्टेशन के पास स्थित कब्रिस्तान से अज्ञात चोर आठ पंखे उड़ा ले गए। यानी अब मरने के बाद भी लोग गर्मी से बच नहीं पाएंगे।
कब्रिस्तान में कुल 15 पंखे लगे थे। रविवार को जब लोग मिट्टी देने पहुंचे तो देखा, पंखों की जगह खाली हुक और तार लटक रहे थे। गर्मी तो थी ही… इस ‘चोरी की हवा’ ने माहौल को और भी गरमा दिया। लोगों का कहना है कि आठ पंखों की कीमत करीब 10 से 12 हजार रुपये है। यानी चोरों ने इस बार छोटी-मोटी नहीं, सीधी थोक में चोरी की है। चोरों को शायद लगा हो, “कब्रिस्तान में तो कोई खोजने भी नहीं आएगा!”
कब्रिस्तान कमिटी के सचिव मो. रिच्ची ने बताया कि मौखिक शिकायत थाने में की गई है और आवेदन देने की प्रक्रिया चल रही है।
उधर, स्थानीय लोग कह रहे हैं, “अब चोरों पर भी गर्मी का असर दिख रहा है… तभी तो पंखे पर हाथ साफ कर गए।” अब शायद अगली बार कब्रिस्तान में “पंखा नहीं, CCTV लगवाने” की मांग होगी।
[Disclaimer
इस समाचार सामग्री का स्वरूप व्यंग्यात्मक (Satirical) है, जिसका उद्देश्य केवल जनजागरूकता, सामाजिक टिप्पणी और मनोरंजन है। हम अपने पाठकों से अपेक्षा करते हैं कि वे इस सामग्री को उसके संदर्भ यानी हास्य और व्यंग्य में ही लें।]









