Sahibganj: जिले के राजमहल थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। बीती रात जिले के सबसे प्रसिद्ध माँ पगली दुर्गा मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर से करीब 500 ग्राम चांदी के आभूषण, मां के चरण पादुका और दान पेटी में रखी हजारों रुपये की नकदी चुरा ली। चोरी की पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सुबह मंदिर पहुंचे तो टूटे मिले ताले
जानकारी के अनुसार सुबह मंदिर के पुरोहित सपन अवस्थि और श्रद्धालु जब सफाई के लिए पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर का दरवाज़ा और तीन दान पेटियों के ताले टूटे हुए हैं। यह देखकर सभी लोग हैरान रह गए। तुरंत इसकी सूचना माँ पगली दुर्गा मंदिर समिति के अध्यक्ष संजीव डे को दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी, राजमहल पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन और थाना प्रभारी ओम प्रकाश चौहान दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मंदिर परिसर की गहन जांच की।
मंदिर समिति के अध्यक्ष संजीव डे ने बताया कि “करीब 500 ग्राम चांदी के आभूषण, मां के चरण पादुका और दान पेटी में रखी श्रद्धालुओं की नकदी चोरी हो गई है।” मंदिर में लगभग दो दर्जन सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनकी फुटेज में चार नकाबपोश चोर दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज खंगाल रही है।
मौके पर तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडे, एसआई पवन यादव, एसआई महादेव उरांव सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पूरे मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जल्द चोरों की गिरफ्तारी की बात कही है।
माँ पगली दुर्गा मंदिर साहिबगंज का एक प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है, जहां रोज़ाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
ये भी पढ़ें: Dumka: शांति, प्यार और भाईचारे के साथ मनाएं दिवाली और छठ पर्व: शाह क़मर









