Weather Update: झारखंड में ठंड ने अचानक जोर पकड़ लिया है। शनिवार को मैकलुस्कीगंज का तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे न्यूनतम पारा है। कई जिलों में तापमान 7 डिग्री तक लुढ़क गया है, जिससे कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग ने रांची, रामगढ़, बोकारो, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी और सिमडेगा जिले में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। रांची का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है, जो रविवार तक गिरकर 9 डिग्री पहुंचने की संभावना है।
विशेषज्ञों ने तेजी से गिरती ठंड को देखते हुए बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में ठंड और बढ़ सकती है। हवा की रफ्तार अधिक रहने से शीतलहर का असर और तीखा महसूस होने की आशंका है।









