Ranchi: रांची के मोरहाबादी मैदान में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) ने कहा कि 2050 तक विकसित झारखंड का सपना अब मजबूत संकल्प में बदल चुका है। कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक दिन उन अमर वीरों और पूर्वजों को समर्पित है जिन्होंने अलग राज्य की लड़ाई में अपनी जान न्योछावर की। उन्होंने कहा, “आदिवासी इस देश के मूलवासी और पहले वारिस हैं। उनकी सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाना हमारी प्राथमिकता है।”
शिबू सोरेन को याद करते हुए सीएम हेमंत भावुक दिखे। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके संघर्ष और दर्शन राज्य की प्रेरणा बने रहेंगे।
अब राज्य को आगे ले जाना का काम, इसे संवारने का हम सभी के कंधों पर है; राज्य की सरकार हो, या नागरिक के तौर पर यहां के किसान, महिला, नौजवान, नौनिहाल आदि हो, सभी के कंधों पर है। हर कोने से हमें राज्य को सजाने और संवारने के लिए, इस राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए योगदान देना होगा।
आज… pic.twitter.com/vWMtCGwhA3— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) November 15, 2025
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिदो-कान्हू, नीलाम्बर-पीताम्बर और टाना भगत जैसी क्रांतिकारी परंपरा ने झारखंड को जल-जंगल-जमीन की रक्षा की सीख दी। उन्होंने कहा कि मजबूत भारत का रास्ता मजबूत राज्यों और समृद्ध गांवों से गुजरता है, इसलिए सरकार ग्रामीण विकास पर विशेष फोकस कर रही है।
सीएम ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों, खनिज, पर्यटन और खेल क्षेत्रों में झारखंड नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। राज्य की श्रम शक्ति देश के औद्योगिक विकास में बड़ी भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में झारखंड ने बदलाव की लंबी यात्रा तय की है और अब राज्य तेजी से प्रगति के मार्ग पर है।
महिलाओं के सशक्तिकरण की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मइंया सम्मान योजना जैसे मॉडल अब अन्य राज्यों में भी उदाहरण बन रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और पर्यटन में नए आयाम जोड़े जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी और झारखंड की 25 वर्ष की उपलब्धि आधारित पुस्तिका का अवलोकन किया। समारोह में 8,799 करोड़ रुपये की 1087 योजनाओं का उपहार भी राज्य को मिला, जिनमें 878 योजनाओं का उद्घाटन और 209 का शिलान्यास शामिल रहा।
ये भी पढ़ें: Weather Update: 12 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट, मैकलुस्कीगंज में पारा 6 डिग्री









