Sahibganj: राजमहल विधानसभा क्षेत्र में रोशनी और विकास की नई किरण जोड़ते हुए विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने राजमहल, उधवा और साहिबगंज प्रखंडों में लगाए गए 80 सोलर हाई मास्ट लाइटों का शुभारंभ फुलवरिया ईदगाह चौक से फीता काटकर किया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि क्षेत्र के हर चौक-चौराहे को रोशन करने की दिशा में काम जारी है और आगे भी सोलर लाइट लगाने की योजना तैयार है। स्थानीय लोगों ने उजाले की व्यवस्था होने पर विधायक के प्रति आभार जताया। साथ ही पेयजल समेत अन्य समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया, जिस पर विधायक ने कहा कि सभी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन और सरकार के साथ समन्वय बनाकर कार्य जारी है और जल्द ही विकास की रफ्तार और तेज दिखेगी।

इधर, विधायक ने उधवा प्रखंड के जोंका और सुतियारपाड़ा में कार्तिक पूजा मेला का भी विधिवत शुभारंभ किया। जोंका में मेला समिति और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने फूल-माला व चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। विधायक ने कहा कि यह मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान है और इसे और विकसित करने की दिशा में विचार किया जाएगा। सुतियारपाड़ा में भी पूजा समिति ने उनके स्वागत के बाद मेला का शुभारंभ कराया।
वहीं, जोंका गांव स्थित इमामबाड़ा के पास ग्रामीणों से मुलाकात के दौरान लोगों ने सोलर हाई मास्ट लाइट लगाने के लिए आभार जताते हुए पेयजल समस्या के समाधान की मांग रखी। विधायक ने आश्वस्त किया कि सभी जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: Ranchi: झारखंड विधानसभा नियुक्ति घोटाला: सुप्रीम कोर्ट ने CBI जांच की अर्जी खारिज, फिलहाल जारी रहेगी रोक









