Mandro (Sahibganj): मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के बेलभदरी मौजा स्थित सुदामा स्टोन वर्क्स क्रशर पर शनिवार को एसडीओ अमर जॉन अइद ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्रशर संचालित होने से संबंधित जरूरी कागजात मांगे गए, लेकिन मौजूद कर्मी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। कागजात न मिलने पर एसडीओ ने तत्क्षण कार्रवाई करते हुए क्रशर को सील कर दिया।
एसडीओ ने परिसर का बारीकी से निरीक्षण कर संचालन की स्थिति, सुरक्षा मानकों तथा पर्यावरणीय निर्देशों के अनुपालन की भी जांच की। कागजात प्रस्तुत न कर पाने पर उन्होंने क्रशर प्रबंधन के रवैये पर असंतोष जताते हुए कहा कि बिना वैध दस्तावेज के किसी भी स्थिति में संचालित गतिविधि स्वीकार नहीं की जाएगी। वहीं क्रशर कर्मियों ने बताया कि क्रेशर मालिक फिलहाल बाहर हैं और सभी कागजात अप-टू-डेट हैं, लेकिन समय के अभाव में शनिवार को प्रस्तुत नहीं किए जा सके। कर्मियों ने कहा कि सोमवार को सभी दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे।
एसडीओ ने स्पष्ट किया कि सोमवार को पुनः जांच की जाएगी और दस्तावेज संतोषजनक पाए जाने पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित अन्य क्रशर में भी हलचल तेज हो गई है।
ये भी पढ़ें: Ranchi: एलबी सिंह से संबंध स्पष्ट करें बाबूलाल मरांडी, ईडी भी बताये सच्चाई: सुप्रियो भट्टाचार्य









