-
16 जनवरी से रेलवे रैक लोडिंग ठप करने की चेतावनी
Sahibganj: रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की मांग को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा के नेतृत्व में प्रस्तावित आंदोलन को अब साहिबगंज के पत्थर व्यवसायियों का खुला समर्थन मिल गया है। मंगलवार को पंकज मिश्रा के साहिबगंज स्थित आवास पर शहर के नामचीन पत्थर व्यवसायियों की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता चतुरानंद पांडे ने की। बैठक में सर्वसम्मति से 16 जनवरी को होने वाले आंदोलन के समर्थन का निर्णय लिया गया।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में पंकज मिश्रा ने पत्थर व्यवसायियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह आंदोलन किसी दल या व्यक्ति का नहीं, बल्कि साहिबगंज शहर के विकास से जुड़ा सवाल है। उन्होंने रेलवे प्रशासन पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि साहिबगंज जिले में सकरी गलियों से लेकर कोटलपोखर तक लगातार पत्थर लोडिंग कराई जा रही है, जिससे मालदा डिवीजन के माध्यम से हावड़ा ज़ोन को हर महीने करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व मिलता है। इसके बावजूद शहर के पश्चिमी और पूर्वी रेलवे फाटकों पर आरओबी निर्माण की मांग वर्षों से अनसुनी की जा रही है।

पंकज मिश्रा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 15 जनवरी तक साहिबगंज के पूर्वी और पश्चिमी फाटकों पर बनने वाले रेल ओवरब्रिज के टेंडर की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई, तो 16 जनवरी से साहिबगंज से रेलवे रैक के जरिए पत्थरों की ढुलाई पूरी तरह ठप कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर को जाम और दुर्घटनाओं से मुक्ति दिलाने के लिए आरओबी अब विकल्प नहीं, बल्कि अनिवार्यता बन चुका है। आंदोलन को मिल रहे व्यापक समर्थन से रेलवे और प्रशासन पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है।
ये भी पढ़ें: Sahibganj में फूड प्वाइजनिंग से हड़कंप, एक ही परिवार के 10 लोग बीमार, अस्पताल में भर्ती









