Sahibganj: उपायुक्त हेमंत सती ने समहरणालय परिसर स्थित EVM वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रबंधन प्रणाली का गहन अवलोकन किया।
उपायुक्त ने वेयरहाउस में लागू सुरक्षा मानकों की बारीकी से समीक्षा करते हुए सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की तथा सुरक्षा से जुड़े किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की बात कही। साथ ही, उन्होंने कर्मियों को नियमित अंतराल पर प्रशिक्षण देने पर विशेष जोर दिया ताकि आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि पारदर्शी, निष्पक्ष और भरोसेमंद चुनाव प्रक्रिया के लिए EVM और वीवीपैट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की चूक स्वीकार्य नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी सुनीता किस्कू सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें: Sahibganj में CBI का डेरा, अवैध खनन पर शिकंजा कसने की तैयारी तेज









