Pakur: अमड़ापाड़ा थाना कांड 04/2019 से जुड़े सत्र वाद संख्या 82/2019 में माननीय न्यायालय द्वारा दोष सिद्ध किए जाने के बाद फरार हुए दो अभियुक्तों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार 07 जनवरी को घटना में संलिप्त चार अभियुक्तों के आत्मसमर्पण के बाद माननीय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश 1 ने सभी को दोषी करार दिया था, लेकिन फैसला सुनते ही शिवधन मोहली और नोरेन मोहली न्यायिक हिरासत से फरार हो गए थे।
घटना को गंभीर चुनौती मानते हुए नगर थाना में कांड संख्या 07/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के सहारे टीम ने महेशपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खरियोपाड़ा में दबिश देकर दोनों फरार दोषियों को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई को कानून-व्यवस्था के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता का उदाहरण बताते हुए छापामारी टीम की सराहना की और स्पष्ट किया कि न्यायालय से फरार होने या कानून से खिलवाड़ करने वालों के प्रति किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। पुलिस ने दो टूक कहा कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी प्राथमिकता में है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।
ये भी पढ़ें: Pakur: दोष सिद्ध, पहरा ढीला; पुलिस की निगरानी के बावजूद दोषी रफूचक्कर









