Barharwa: बरहरवा थाना क्षेत्र के रतनपुर में 15 वर्षीय किशोर आयुष साह की हत्या मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक की मां मीनू देवी और उसके प्रेमी रोहित साह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बुधवार को थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नितिन खंडेलवाल ने बताया कि यह हत्या पूर्व नियोजित साजिश के तहत की गई थी।
एसडीपीओ ने बताया कि मीनू देवी का रोहित साह के साथ अवैध संबंध था। रोहित साह, जो रिश्ते में महिला का भांजा बताया जाता है, रांगा थाना क्षेत्र के धरमपुर का निवासी है। घटना सात फरवरी की है, जब महिला का पति हेमंत साह किसी कार्य से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान महिला ने रोहित को घर बुलाया। दोनों घर के पीछे आपत्तिजनक स्थिति में थे, तभी किशोर आयुष ने उन्हें देख लिया। राज खुलने के भय से दोनों ने मिलकर आयुष के गले में रस्सी का फंदा लगाकर उसकी हत्या कर दी और शव को घर के पीछे तालाबनुमा गड्ढे के पास फेंक दिया।
घटना को छिपाने के लिए मीनू देवी ने बेटे के लापता होने की सूचना दी और खोजबीन का नाटक किया। उसने लोगों को बताया कि आयुष शौच के लिए घर से निकला था और बाद में तालाब किनारे गिरा हुआ मिला। उसे बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। बाद में पाकुड़ के सोनाजोड़ी स्थित अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अगले दिन पिता हेमंत साह के पहुंचने पर दाह संस्कार की तैयारी की जा रही थी, इसी बीच पुलिस को मामले की सूचना मिली।
बरहरवा थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह और पुलिस इंस्पेक्टर संतोष कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने गहन जांच शुरू की। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पूरा मामला उजागर हो गया। पुलिस टीम में एएसआई राजनाथ साव और एएसआई रंजय कुमार यादव भी शामिल थे।
पुलिस ने मां मीनू देवी और उसके प्रेमी रोहित साह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोग इस जघन्य वारदात से स्तब्ध हैं।
ये भी पढ़ें: Bokaro: चास में तेज हुआ महापौर चुनावी माहौल, गोपाल मुरारका के जनसंपर्क को मिल रहा व्यापक समर्थन








