Ranchi: पवित्र रमजान महीने को लेकर मुस्लिम शिक्षकों और कर्मचारियों की सुविधा के उद्देश्य से माननीय Rajmahal विधायक मो ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने गुरुवार को राजधानी रांची में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने रमजान माह में मुस्लिम शिक्षकों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय से एक घंटे पूर्व छुट्टी देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर विभागीय स्तर पर पहल करने का आग्रह करते हुए ज्ञापन सौंपा।
विधायक एमटी राजा ने सचिव को अवगत कराया कि रमजान का महीना मुस्लिम समुदाय के लिए अत्यंत पवित्र होता है, जिसमें रोजा, इबादत और अन्य धार्मिक कर्तव्यों का विशेष महत्व होता है। ऐसे में विद्यालयों में कार्यरत मुस्लिम शिक्षक एवं कर्मचारी अपने दैनिक दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ धार्मिक कर्तव्यों को निभाने में व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि रमजान के पूरे महीने के लिए राज्य के सभी मुस्लिम शिक्षकों और कर्मचारियों को विभागीय आदेश के तहत प्रतिदिन एक घंटे पहले छुट्टी की सुविधा दी जाए, तो इससे वे अपने पेशेवर दायित्वों के साथ धार्मिक जिम्मेदारियों का भी संतुलित और सुचारू रूप से पालन कर सकेंगे।
विधायक ने इसे मानवीय और संवेदनशील विषय बताते हुए कहा कि यह कदम न केवल अल्पसंख्यक समुदाय के प्रति सरकार की सकारात्मक सोच को दर्शाएगा, बल्कि कार्यस्थल पर सौहार्द और समर्पण को भी बढ़ावा देगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगा और जल्द ही इस दिशा में आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। इस पहल को लेकर मुस्लिम शिक्षकों और कर्मचारियों में भी सकारात्मक प्रतिक्रिया देखी जा रही है।
ये भी पढ़ें: Bokaro: चास में राजू महतो का जनसैलाब, सड़कों पर उमड़ा समर्थन, चुनावी समीकरणों में हलचल








