-
महासचिव विनोद पांडे ने जारी किया आदेश, छह साल के लिए पार्टी से बाहर
Sahibganj, 17 अगस्त: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कड़ा कदम उठाते हुए अपने पूर्व जिलाध्यक्ष शाहजहां अंसारी को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी के महासचिव विनोद कुमार पांडे द्वारा जारी पत्र में साफ कहा गया है कि अंसारी लगातार संगठन विरोधी कार्यों में लिप्त थे और वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं नेताओं पर सार्वजनिक मंचों से अमर्यादित टिप्पणी कर रहे थे। पत्र के अनुसार, शाहजहां अंसारी की गतिविधियां पार्टी संविधान के अनुच्छेद के मुताबिक गंभीर अनुशासनहीनता और संगठन विरोधी कार्य की श्रेणी में आती हैं। इसी आधार पर उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अगले छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया गया है।
झामुमो की यह सख्त कार्रवाई यह संदेश देती है कि संगठन में अनुशासनहीनता और नेतृत्व विरोधी बयानबाजी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अंसारी को बार-बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने अपने रवैये में सुधार नहीं किया।
राजनीतिक गलियारों में इसे साहिबगंज की राजनीति पर बड़ा असर डालने वाला कदम माना जा रहा है। खासकर तब, जब हाल ही में शाहजहां अंसारी अवैध खनन मामले में भी विवादों में आए थे। झामुमो ने साफ कर दिया है कि पार्टी में कोई भी नेता संगठन की मर्यादा और अनुशासन से ऊपर नहीं है। अब अंसारी के राजनीतिक भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। क्या वे किसी अन्य दल का रुख करेंगे या स्वतंत्र रूप से सक्रिय रहेंगे, यह देखना दिलचस्प होगा।










