Jharkhand को लूट, भ्रष्टाचार और दलाल-बिचौलियावाद से सिर्फ BJP ही बचा सकती है: Babulal Marandi

Jamshedpur: जमशेदपुर महानगर अंतर्गत बिस्टुपुर के तुलसी भवन सभागार में कोल्हान प्रमंडलीय बैठक में भाग लेने लौहनगरी जमशेदपुर पहुंचे झारखंड (Jharkhand) के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी (Babulal Marandi) ने मीडिया से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी की आगामी कार्ययोजना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के जमशेदपुर में प्रस्तावित जनसभा की विस्तृत जानकारी दी। बाबूलाल मरांडी ने बताया कि 15 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सरकारी कार्यक्रम के तहत विभिन्न कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वे, भाजपा की ओर से आयोजित विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा की सफलता के लिए पार्टी विभिन्न स्तरों पर व्यापक तैयारी कर रही है। कहा कि क्षेत्रफल के नजरिये से बिस्टुपुर के गोपाल मैदान में ही सभा की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि पीएम के कार्यक्रम को लेकर जिला से लेकर मंडल स्तर पर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं की बैठक हो रही है। जिसमें कार्यक्रम की सफलता को लेकर रूपरेखा बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि आगामी 8 और 9 सितंबर को कोल्हान सहित पूरे प्रदेश में प्रदेशव्यापी अभियान के तहत बूथों की बैठकें होगी। जिसमें पार्टी कार्यकर्ता बूथों पर जाएंगे और बूथ समिति के साथ बैठक कर वहां मतदाता सूची और बूथ समिति की समीक्षा करेंगे। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कहीं मतदाता सूची में कोई गड़बड़ी तो नहीं है। किसी का नाम तो नहीं कटा है। अगर नाम कटा है तो इसे जुड़वाना है। अगर किसी का नाम गलत तरीके से जुड़ा है तो यह नाम हटवाना है। कोई नए मतदाता हो हैं तो उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ना, मतदाता सूची में अगर कोई गड़बड़ी है तो इसकी सूचना जिला प्रशासन और पार्टी के वरीय पदाधिकारियों तक दी जाएगी। इसके अलावे प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा के झारखंड के सभी प्रमंडल में परिवर्तन संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बताया कि झारखंड में चार प्रमंडल हैं। भाजपा ने संगठनात्मक लिहाज से प्रदेश को छह प्रमंडल में बांटा है। सभी प्रमंडल में परिवर्तन संकल्प यात्रा निकाली जानी है। इस यात्रा के माध्यम से हेमंत सरकार की वादाखिलाफी, नाकामियों और विफलताओं को जनता के समक्ष रखा जाएगा और प्रदेश में सशक्त भाजपा सरकार बनाने की अपील की जाएगी।

चंपाई सोरेन के भाजपा में आने पर प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि स्वाभाविक रूप से झारखंड आंदोलनकारी और झामुमो को अपना पूरा जीवन देने वाले नेता जब पार्टी की कार्यशैली और सीएम हेमंत सोरेन की लूटनीति से तंग आकर भाजपा में आ रहे हैं। तो इस सवाल का जवाब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को देना चाहिए कि किन परिस्थितियों में उनके संघर्ष के साथी रहे चंपाई सोरेन और लोबिन हेंब्रम जैसे पुराने लोग पार्टी छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने बहुत उम्मीद के साथ झारखंड अलग राज्य बनाया था। जब हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री बने तो इन्हें उम्मीद थी कि वे झारखंड का भला करेंगे। लेकिन जिस प्रकार से सीएम हेमंत सोरेन राज्य के बिचौलिया, माफिया और भ्रष्टाचारियों के हाथ की कठपुतली बन गए तो ऐसे में उनका मानना था कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो झारखंड को बर्बाद होने से कोई नही बचा सकता है। ऐसी स्थिति में एकमात्र पार्टी भाजपा ही विकल्प बचती है जो झारखंड को आदिवासी स्वाभिमान के साथ विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा सकती है। झामुमो पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि बैनर में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर नहीं लगाई जा रही है। बैनर में इन दिनों हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ही रहती हैं। एक बड़े आदिवासी नेता को बार-बार अपमानित करने और पार्टी को मियां-बीवी की पार्टी बना देने वाले हेमंत सोरेन अब सन्यास लेने के करीब पहुंच गए हैं। क्योंकि जमशेदपुर की इसी धरती से गत विधानसभा चुनाव से पूर्व शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर उन्होंने साल में 5 लाख नौकरी अथवा राजनीति से सन्यास लेने की घोषणा सार्वजनिक मंच से की थी। इसके अलावे विधानसभा में उन्होंने युवाओं को नौकरी नही देने पर 5 हजार और 7 हजार बेरोजगारी भत्ता, ढाई हजार रुपये पेंशन, नवविवाहित महिलाओं को सोने का सिक्का, 10 लाख लोगों को ग्रीन कार्ड से 5 किलो राशन, 25 रुपये लीटर पेट्रोल, गरीब परिवार को सालाना 72 हजार रुपये, 2 हजार प्रतिमाह चूल्हा खर्च देने समेत मुख्यमंत्री आवास योजना में तीन लाख रुपये देने का बड़ा वादा किया था। लेकिन मुख्यमंत्री बनने के बाद एक भी वादे को पूरा ना कर झारखंड की जनता को धोखा देने का काम किया। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आने वाले समय में और भी लोग पार्टी में शामिल होंगे।

विधानसभा चुनाव में भाजपा किन पार्टियों के साथ चुनाव लड़ेगी इस सवाल पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अभी राज्य में भाजपा के साथ आजसू सहयोगी दल है। इसके अलावा और कौन पार्टी भाजपा के साथ चुनाव लड़ेगी इसका फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा। जेडीयू के बारे में पूछे जाने पर श्री मरांडी ने कहा कि जदयू केंद्र में भाजपा के साथ है। यहां वह चुनाव लड़ेगी या नहीं इसका निर्णय केंद्रीय स्तर पर ही होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार कोल्हान की सभी सीटों पर भाजपा की जीत होगी।

ये भी पढ़ें: गांडेय से दूसरी बार चुनावी मैदान में Kalpana Soren, किया नामांकन दाखिल

WM 24x7 News
Author: WM 24x7 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements
Rajesh Jaiswal - Ad created on August 15, 2025

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!