Sahibganj: जिले में सरकारी अनारक्षित स्वास्थ्य बीमा योजना के सुचारु क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता विकास आयुक्त सतीश चंद्रा ने की। बैठक में राज्य स्वास्थ्य समिति, राँची द्वारा भेजे गए निर्देशों के आलोक में जिले के सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के प्रशिक्षण और पंजीकरण व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में निर्देश दिया गया कि जिले के सभी ड्रॉइंग एंड डिसबर्सिंग ऑफिसर (डीडीओ) एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों के लिए सेहिस पोर्टल से संबंधित उन्नत ऑनलाइन प्रशिक्षण अनिवार्य होगा। यह प्रशिक्षण नामित मास्टर ट्रेनरों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से संपन्न कराया जाएगा।
समाहरणालय सभागार में DDC सतीश चंद्रा की अध्यक्षता में सरकारी अनारक्षित #स्वास्थ्य_बीमा_योजना के सुचारु क्रियान्वयन हेतु महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। सेहिस पोर्टल संचालन के लिए DDO व कंप्यूटर ऑपरेटरों हेतु मास्टर ट्रेनरों द्वारा उन्नत ऑनलाइन प्रशिक्षण अनिवार्य किया गया। #insurance pic.twitter.com/pgbdzU4Nza
— DC Sahibganj (@dc_sahibganj) April 30, 2025
मास्टर ट्रेनरों के रूप में संदीप कुमार (डीपीओ, यूआईडी), हिना गौरव बरनवाल (डीपीएम, एनएचएम), रोहित दुबे (सार्जेंट मेजर), कुमार हर्ष (जिला शिक्षा अधीक्षक) एवं अभिजीत शर्मा (मिट्टी रसायनज्ञ) को नामित किया गया है। इन प्रशिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे डीडीओ एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों को पूरी दक्षता के साथ प्रशिक्षण प्रदान करें ताकि पोर्टल संचालन में कोई तकनीकी बाधा उत्पन्न न हो।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि इस पहल से जिले में स्वास्थ्य बीमा योजना के कार्यान्वयन में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ेगी तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा।
बैठक में जिला योजना पदाधिकारी अनुप कुमार, भू-अर्जन पदाधिकारी छुटेश्वर कुमार दास, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा, श्रम अधीक्षक धीरेंद्र नाथ महतो, सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत कई अन्य उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: डालसा सचिव ने वृद्धाश्रम एवं बाल सुधार गृह का किया निरीक्षण









