Udhwa (Sahibganj), 15 जुलाई: लगातार बारिश के कारण उधवा प्रखंड की पतौड़ा पंचायत स्थित पहाड़ गांव के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के निचले भू-भाग में बसे होने और NH-80 फोरलेन निर्माण के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि उधवा चौक से ईदगाह मोड़ तक फोरलेन निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन सड़क निर्माण एजेंसी द्वारा न तो पूर्ववर्ती नालियों की मरम्मत की गई और न ही नई जल निकासी व्यवस्था बनाई गई। इसके कारण हल्की बारिश में भी पानी गांव की गलियों और घरों में घुस जा रहा है।
“पानी घर में घुसते ही हम सबका जीवन ठहर सा जाता है,” – यह कहना है स्थानीय निवासी अब्दुल वहाब का, जिनका घर लगातार बारिश के कारण जलमग्न हो चुका है। उन्होंने बताया कि भोजन बनाना हो या बच्चों की पढ़ाई, कुछ नहीं हो पा रहा है, पूरा दिन केवल पानी निकालने में चला जाता है।

ग्रामीणों मसीउर रहमान, सफीक शेख, रजानी शेख और अनारुल शेख सहित अन्य लोगों ने बताया कि फोरलेन निर्माण के दौरान पुरानी नालियों को ढंक दिया गया, जिससे जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। लोगों को मजबूरन मोटर से पानी निकालना पड़ रहा है, लेकिन यह भी हर दिन की चुनौती बन चुकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से मांग की है कि बंद पड़ी नालियों को तुरंत खोला जाए, गांव के समीप नयी जल निकासी प्रणाली विकसित की जाए और जहां आवश्यक हो, वहां पुलिया और बड़ी नालियों का निर्माण कराया जाए। अगर समय रहते समाधान नहीं हुआ, तो बरसात में स्थिति और भयावह हो सकती है।
ये भी पढ़ें: Katni में संपन्न हुई अपना दल (एस) की कार्यकर्ता बैठक, सदस्यता अभियान को मिली गति









