Pakur: प्रोजेक्ट बदलाव के तहत गुरुवार को जिलेभर में सखी दिवस का आयोजन किया गया। महेशपुर प्रखंड के गढ़वाड़ी संकुल में हुए मुख्य कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार शामिल हुए। उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जिले की सभी सखी दीदियों को संबोधित कर उन्हें और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
उपायुक्त ने बताया कि गढ़वाड़ी संकुल को 76 लाख रुपये की सामुदायिक निवेश निधि दी गई है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से शुरू हुआ पोषण माह 16 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
साथ ही स्वच्छता पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत दीदियों को स्वच्छता अभियान की संदेशवाहक बनने का आह्वान किया गया। उपायुक्त ने ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन, हाथ धोने की आदत और शौचालय प्रयोग को गाँव-गाँव तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने घोषणा की कि हर माह की 22 तारीख को आंगनबाड़ी केंद्रों में बाल भोज आयोजित होगा। वहीं नवंबर माह में दीदियों के लिए खेलकूद, कुकिंग, सिलाई-कढ़ाई सहित विभिन्न प्रतियोगिताएँ होंगी। 20 सितंबर को जिले के सभी विद्यालयों में तिथि भोज सह जन्मोत्सव मनाया जाएगा और 24 सितंबर को सभी प्रखंडों में रक्तदान शिविर आयोजित होंगे, जिनमें दीदियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।
उपायुक्त ने कालाजार उन्मूलन पर भी जोर दिया और दीदियों से छिड़काव कार्य के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने का आग्रह किया।
इस मौके पर बीडीओ सिद्धार्थ शंकर यादव, अंचलाधिकारी संजय सिन्हा, जेएसएलपीएस डीपीएम प्रवीण मिश्रा, एसएमपीओ पवन कुमार, प्रभारी डीपीएम आनंद प्रकाश समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: Pakur: प्रोजेक्ट बदलाव के तहत गढ़वाड़ी संकुल का निरीक्षण, डीसी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश









