Sahibganj: जिले में बढ़ती ठंड के बीच अपराध पर लगाम कसने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह की अध्यक्षता में अपराध नियंत्रण गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान एसपी ने जिले के सभी थानाध्यक्षों और पदाधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि हर हाल में सतर्कता का प्रदर्शन करें और अपराधियों पर पैनी नजर रखें।
एसपी ने कहा कि मौसम बदलने के साथ आपराधिक गतिविधियों में वृद्धि की संभावना रहती है, इसलिए पुलिस को चौकन्ना रहना होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाया जाए, सड़कों, चौक-चौराहों और सुनसान इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जाए तथा बेवजह घूमने वालों पर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने बाइक चोरी, घरों में सेंधमारी और आपसी झगड़ों जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रत्येक थाना क्षेत्र में योजनाबद्ध रणनीति अपनाने को कहा। साथ ही निर्देश दिया कि चोरी की घटनाओं में पूर्व में संलिप्त लोगों की सूची तैयार कर उन पर निरंतर निगरानी रखी जाए।

एसपी अमित कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि थानों में लंबित कांडों का शीघ्र अनुसंधान और निष्पादन किया जाए, लाल वारंटियों को गिरफ्तार किया जाए तथा अवैध लॉटरी, जुआ, शराब और गांजा कारोबार पर पूरी तरह नकेल कसी जाए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस पूरी रणनीति के साथ काम करेगी और किसी भी हाल में अपराध व अपराधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि पेट्रोलिंग को नियमित और सघन बनाएं, चौक-चौराहों पर वाहन जांच अभियान चलाएं, तथा असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर कड़ी कार्रवाई करें।
गोष्ठी में डीएसपी विजय कुशवाहा, एसडीपीओ किशोर तिर्की, राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी, बरहरवा एसडीपीओ नीतीन कुमार खंडेलवाल, नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता, मुफस्सिल थाना प्रभारी अनीश पांडेय, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, रिवर थाना प्रभारी लव कुमार समेत सभी थाना प्रभारी व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: डीसी हेमंत सती का सख्त फरमान, 15 दिसंबर तक अवैध ईंट भट्ठे होंगे जमींदोज़









