Sahibganj Municipal Election: नगर परिषद चुनाव में वार्ड संख्या 9 से वरिष्ठ पत्रकार तौकीर राज की पत्नी रिफत प्रवीण ने दमदार जीत दर्ज की है। रिफत प्रवीण ने कुल 605 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सरफराज आलम को 75 मतों से पराजित करते हुए चुनावी मैदान में चारों खाने चित्त कर दिया। मतगणना परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई और पूरे वार्ड में जश्न का माहौल बन गया।
जीत का प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के बाद रिफत प्रवीण अपने पति सह वरिष्ठ पत्रकार तौकीर राज और सैकड़ों समर्थकों के साथ विजय जुलूस के रूप में मतगणना केंद्र से निकलीं। जुलूस के दौरान पूरे वार्ड का भ्रमण कर उन्होंने जनता का आभार व्यक्त किया। इस दौरान ‘रिफत प्रवीण जिंदाबाद’, ‘तौकीर राज जिंदाबाद’ और ‘वार्ड 9 की जनता जिंदाबाद’ के नारों से इलाका गूंज उठा। समर्थकों ने जीत को जनता की एकजुटता और भरोसे की जीत बताया।

विजय जुलूस के दौरान रिफत प्रवीण ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि वार्ड संख्या 9 के हर उस मतदाता की जीत है, जिसने विकास, ईमानदारी और भरोसे के पक्ष में मतदान किया। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वार्ड के विकास, बुनियादी सुविधाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जाएगी।

वहीं तौकीर राज ने भी वार्डवासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनता का यह समर्थन एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि रिफत प्रवीण हमेशा जनता के बीच रहकर काम करेंगी और वार्ड 9 को एक बेहतर, स्वच्छ और विकसित वार्ड बनाने के लिए पूरी ईमानदारी से प्रयास किया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत संवाद, विश्वास और सकारात्मक राजनीति की जीत है।
रिफत प्रवीण की जीत के बाद वार्ड संख्या 9 में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक सशक्त और संवेदनशील प्रतिनिधि के रूप में उनसे वार्ड के समग्र विकास की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।
ये भी पढ़ें: Sahibganj Municipal Election: नगर चुनाव में मोनिका किस्कू ने छोटू पासवान के पक्ष में मांगा समर्थन








