Barharwa, 29 मई 2025 (गुरुवार): रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने गुरुवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्रह्मपुत्र मेल एक्सप्रेस से 80 पीस अवैध कैन बीयर बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में बीयर से भरे दो प्लास्टिक के झोले बरामद किए गए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹8,800 बताई जा रही है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में सीपीडीएस टीम मालदा, एएसआई बाबुल दास, आरक्षी कुमार प्रयलंकर, अजीत कुमार टोप्पो, अजीत कुमार तथा बरहरवा पोस्ट से एएसआई जलेश्वर कुमार दुबे और कांस्टेबल अनिल कुमार साह की टीम ने ट्रेन संख्या 15658 ब्रह्मपुत्र मेल के कोच नंबर SC/245768 में सर्च अभियान चलाया।
जब ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 01 पर पहुंची तो टीम ने कोच की तलाशी के दौरान सीट के नीचे दो झोले पाए। कोच में बैठे यात्रियों से जब झोलों के बारे में पूछताछ की गई तो कोई भी यात्री सामने नहीं आया। जांच में दोनों झोलों में हाईवार्ड्स कंपनी की कुल 80 कैन बीयर मिली। बरामद झोलों को प्लेटफार्म पर उतारकर जब्त किया गया और सभी गवाहों की मौजूदगी में आरपीएफ कार्यालय लाया गया। इसके बाद आगे की कार्रवाई के लिए जब्त सामग्री को उत्पाद विभाग, साहिबगंज को सौंप दिया गया।
-
लगातार कार्रवाई में जुटी है आरपीएफ, एक दिन पहले भी पकड़ी गई थी शराब की खेप
बता दें कि पिछले 24 घंटों के भीतर बरहरवा आरपीएफ द्वारा ट्रेनों में की गई यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। बुधवार को भी मालदा-किऊल इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13409) में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई थी। उस दौरान एक युवक को संदिग्ध रूप से घूमते देखकर उसे रोका गया। उसके पास मौजूद पिट्ठू बैग और दो हैंड बैग की तलाशी ली गई, जिसमें ऑफिसर्स चॉइस एलीट व्हिस्की के 245 टेट्रा पैक मिले, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹31,850 थी। युवक को हिरासत में लेकर ट्रेन से उतारा गया और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आरपीएफ की लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से यह स्पष्ट है कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल सख्त रुख अपनाए हुए है। आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें ताकि रेलवे परिसर को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाया जा सके।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: झामुमो के दो वरिष्ठ नेताओं को पार्टी प्रवक्ता बनाए जाने पर संजय गोस्वामी ने दी बधाई









