Sahibganj: मोहर्रम अखाड़ा जुलूस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से साहिबगंज पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में मुख्यालय डीएसपी रविकांत साव और सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न मोहल्लों का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ड्रोन कैमरे की सहायता से जुलूस मार्ग, प्रमुख सड़कों तथा आसपास के संवेदनशील इलाकों की निगरानी की। ड्रोन सर्विलांस के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करते हुए संभावित चुनौतियों की समीक्षा की गई, ताकि मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे।
मुख्यालय डीएसपी रविकांत साव ने मौके पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जुलूस मार्ग पर विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील स्थलों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी बनाए रखने का निर्देश दिया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोहर्रम पर्व के दौरान जिले में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ आधुनिक तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: मोहर्रम के रंग में रंगे विधायक एमटी राजा, अखाड़े में लाठी खेलकर बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह






