Sahibganj: मोहनपुर सीएचसी को जल्द मिलेगी नई सड़क, अस्पताल मार्ग के लिए ग्रामीण राज्यपाल के नाम दान करेंगे जमीन

Sahibganj: Mohanpur CHC to get a new road soon; villagers to donate land for the hospital access road in the name of the Governor.

Sahibganj: उधवा प्रखंड के मोहनपुर पंचायत स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को मुख्य सड़क से जोड़ने की वर्षों पुरानी समस्या जल्द दूर होने की उम्मीद जगी है। राजमहल विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा और उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान अस्पताल तक सीधी सड़क निर्माण के लिए स्थानीय रैयतों ने राज्यपाल के नाम जमीन दान करने पर सहमति जताई, जिससे अस्पताल तक पहुंच आसान होने का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने प्रसव कक्ष, इमरजेंसी, ओपीडी और वार्ड का जायजा लिया तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, मरीजों को मिलने वाली सेवाओं तथा आवश्यक संसाधनों की भी समीक्षा की।

बताया गया कि वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने के लिए मरीजों और उनके परिजनों को मुख्य सड़क से लगभग तीन किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए मुख्य सड़क से अस्पताल तक नई सड़क निर्माण की योजना पर सहमति बनी है।

राजमहल विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने कहा कि उनकी पहल पर आदिवासी रैयती ग्रामीणों ने अस्पताल हित में मुख्य सड़क से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण के लिए अपनी जमीन राज्यपाल के नाम दान करने की सहमति दी है। उन्होंने कहा कि यह जनहित का महत्वपूर्ण निर्णय है, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलेगा।

विधायक ने यह भी सुझाव दिया कि जिन रैयतों द्वारा सड़क निर्माण के लिए जमीन दान की जाएगी, उनके परिवार के एक सदस्य को स्वास्थ्य विभाग आउटसोर्सिंग के माध्यम से उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने पर विचार करे। इस प्रस्ताव पर प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिलने की बात भी उन्होंने कही।

उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि रैयतों की सहमति मिलने के बाद सड़क निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे अस्पताल तक सीधी और सुगम पहुंच सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं में भी लगातार सुधार किया जा रहा है।

सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गुफरान आलम सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अस्पताल तक नई सड़क बनने की दिशा में ग्रामीणों की सहमति को क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें: Sahibganj: गोलढाब चुआर दियारा में सोलर लाइट, स्वास्थ्य और पेयजल व्यवस्था होगी मजबूत, विधायक एमटी राजा और डीसी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

MOHSIN RAJA
Author: MOHSIN RAJA

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!