Sahibganj: सुदूरवर्ती गोलढाब दियारा से शुरू हुआ पल्स पोलियो अभियान, विधायक एमटी राजा व डीसी ने किया शुभारंभ

Sahibganj: Pulse Polio campaign launched from the remote Goldhab Diyara; MLA MT Raja and the Deputy Commissioner inaugurated the drive.

Sahibganj: जिले के सुदूरवर्ती टापूनुमा दियारा क्षेत्र तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में रविवार को जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ उधवा प्रखंड की दक्षिण पलाशगाछी पंचायत अंतर्गत गोलढाब असराउल टोला से किया गया। कार्यक्रम में राजमहल विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा और उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा वैक्सीन कैरियर का फीता काटकर अभियान की शुरुआत की।

इस अवसर पर विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने कहा कि जन्म से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे के लिए पल्स पोलियो की खुराक बेहद आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों एवं अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि निर्धारित आयु वर्ग के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं, ताकि उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही पल्स पोलियो अभियान को पूरी तरह सफल बनाया जा सकता है।

उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन जिले के सबसे सुदूरवर्ती दियारा क्षेत्र में किया गया, ताकि यहां के लोग भी स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं से सीधे जुड़ सकें और पल्स पोलियो अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान के साथ-साथ टापूनुमा दियारा क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जन्म से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इस मौके पर प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गुफरान आलम, बीपीएम अमित कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि पोलियो मुक्त समाज के लक्ष्य को साकार किया जा सके।

ये भी पढ़ें: Sahibganj: कैग ने खोली खनन व्यवस्था की पोल, लेकिन कार्रवाई अब भी शून्य! खनन फाइलों को आखिर किसका संरक्षण?

MOHSIN RAJA
Author: MOHSIN RAJA

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!