Bokaro: झारखंड के बोकारो जिले में एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात चार अपराधियों ने पति के सामने उसकी पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने वारदात से पहले दंपती को जबरन शराब पिलाई और पति को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। घटना उस समय हुई जब धनबाद के मधुबन निवासी दंपती दुंदीबाग मार्केट से सब्जी खरीदने के बाद अपने ठिकाने की ओर लौट रहे थे। रास्ते में सेक्टर 12ए स्कूल के पास चार युवकों ने उन्हें घेर लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों को जबरन स्कूल परिसर के अंदर ले जाकर पति के हाथ-पैर बांध दिए और उसे पीटकर बेहोश कर दिया।
इसके बाद अपराधियों ने पत्नी को जान से मारने की धमकी देकर जबरन शराब पिलाई और पति के सामने ही उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने किसी तरह पति के हाथ-पैर की रस्सी खोली और स्कूल की चहारदीवारी से बाहर निकलकर सड़क पर मदद की गुहार लगाई। स्थानीय राहगीरों की सूचना पर थाना प्रभारी सुभाषचंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल दंपती को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों का इलाज जारी है।
पुलिस ने मामले में एक ऑटो चालक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। सेक्टर-12 थाना क्षेत्र की इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है।
थाना प्रभारी सुभाषचंद्र सिंह ने बताया कि “घटना बेहद गंभीर है। पीड़िता की मेडिकल जांच कराई जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीम गठित की गई है।”
ये भी पढ़ें: Pakur में 51 वर्षीय विधवा महिला से सामूहिक दुष्कर्म, घर से उठाकर जंगल ले गए थे बदमाश, एक आरोपी गिरफ्तार









