Ranchi, 18 जुलाई: झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सियासी घमासान छिड़ गया है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी (Babulal Marandi ) ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि जब खुद स्वास्थ्य मंत्री घायल व्यक्ति को एम्बुलेंस के बजाय टेम्पो में अस्पताल भेजते हैं, तो यह सरकार की संवेदनहीनता और सिस्टम की जर्जर हालत को दर्शाता है।
मरांडी ने कहा, “झारखंड सरकार ने एयर एम्बुलेंस की बात कर लोगों को सपना दिखाया, लेकिन हकीकत में आम लोगों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए एक साधारण एम्बुलेंस तक उपलब्ध नहीं है।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था इतनी बिगड़ चुकी है कि मंत्री और मुख्यमंत्री खुद राज्य के अस्पतालों में इलाज कराने से बचते हैं।
सड़क पर घायल व्यक्ति के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था कराने के बजाय स्वास्थ्य मंत्री ने उसे टेम्पो में लादकर अस्पताल भेजा।
इससे अधिक शर्मनाक स्थिति और क्या हो सकती है?
एयर एम्बुलेंस का ढोल पीटने वाली सरकार हकीकत में केवल फर्ज़ी विज्ञापनों से अपनी वाहवाही लूटने में लगी है।
झारखंड… https://t.co/eToqFxBlgI
— Babulal Marandi (@yourBabulal) July 18, 2025
दरअसल, बाबूलाल मरांडी ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी एक घायल व्यक्ति को इ-रिक्शा में अस्पताल भिजवाते दिख रहे हैं। यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई है और विपक्ष को सरकार पर हमले का एक और मौका मिल गया है।
“जो सरकार खुद को डिजिटल और हाईटेक बताती है, वह सड़क हादसे के शिकार एक आम नागरिक के लिए समय पर एम्बुलेंस तक नहीं भेज पाई। यह शर्म की बात है।” – बाबूलाल मरांडी
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर पहले भी झारखंड सरकार सवालों के घेरे में रही है। कई जिलों में समय पर एम्बुलेंस सेवा न पहुंच पाने के कारण मरीजों की मौत तक हो चुकी है। इस ताजा प्रकरण ने सरकार के दावों पर एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है। अब सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार है कि वह इस मुद्दे पर क्या स्पष्टीकरण देती है।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: बंद रेलवे क्वार्टर से लाखों की चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल









