Sahibganj: साहिबगंज पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने जिले में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण के उद्देश्य से मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में नगर थाना समेत विभिन्न थाना प्रभारियों ने भाग लिया। इस दौरान एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान एसपी ने जिले में हाल ही में घटित घटनाओं की समीक्षा की और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों, आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों, शराब तस्करों और अवैध लॉटरी, जुआ अड्डा, नशे के कारोबार में लिप्त लोगों पर विशेष नजर रखी जाए। एसपी ने थाना प्रभारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि मोटरसाइकिल चोरी, छिनतई, नशाखोरी जैसे अपराधों पर रोकथाम के लिए गश्ती व्यवस्था को मजबूत किया जाए। साथ ही उन्होंने गांवों में सक्रिय अपराधियों की सूची तैयार कर उनके विरुद्ध निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
एसपी अमित कुमार सिंह ने पुलिसकर्मियों को जनता के साथ बेहतर तालमेल बनाकर काम करने की सलाह दी ताकि आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना बनी रहे।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: नेतृत्व क्षमता और तत्परता की सराहना करते हुए एसपी ने नगर थाना प्रभारी को दिया प्रशस्ति पत्र









