Sahibganj, 19 मई 2025 (सोमवार): जिला सदर अस्पताल परिसर में नव-निर्मित डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर (DEIC) का उद्घाटन शुक्रवार को उपायुक्त हेमंत सती द्वारा किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार संथालीया, अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने केंद्र का निरीक्षण किया और वहाँ उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह केंद्र शारीरिक और मानसिक रूप से विकास में पिछड़े बच्चों की पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित करने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा, “जन्म से छह वर्ष तक के बच्चों में यदि किसी भी प्रकार की विकृति या विकार की शीघ्र पहचान हो जाए, तो उसका प्रभावी इलाज संभव होता है। यह केंद्र उसी दिशा में एक बड़ा कदम है।”
सिविल सर्जन डॉ. संथालीया ने जानकारी दी कि यह केंद्र अत्याधुनिक उपकरणों से लैस है और यहाँ विशेषज्ञों की एक टीम कार्यरत रहेगी, जो बच्चों की स्क्रीनिंग, परामर्श और आवश्यक उपचार प्रदान करेगी।
अस्पताल कर्मियों ने उपायुक्त का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वास दिलाया कि वे इस केंद्र की सेवाएं निष्ठा पूर्वक जिले के बच्चों और उनके परिजनों तक पहुँचाएंगे।
ये भी पढ़ें: Ranchi: जेएससीए के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की मुलाकात









