Sahibganj: जिले की जिरवाबाड़ी थाना पुलिस ने अपराध की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए एक कुख्यात बदमाश को हथियार सहित गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। बुधवार देर शाम गुप्त सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गुरुवार को अनुमंडलीय कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सदर एसडीपीओ किशोर तिर्की ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक गैस गोदाम के पास अवैध हथियार के साथ घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। एसपी के निर्देश पर विशेष छापामारी दल गठित किया गया, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सकरुगढ़, गैस गोदाम निवासी 22 वर्षीय आकाश चौधरी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने कई अन्य बदमाशों के नामों का भी खुलासा किया है, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
एसडीपीओ ने बताया कि आकाश चौधरी का आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले से जिरवाबाड़ी थाना में कांड संख्या 69/24, 51/24 व 188/22 के तहत मामले दर्ज हैं। इससे स्पष्ट होता है कि वह लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
इस सफल कार्रवाई में पुअनि शशि सिंह के नेतृत्व में सअनि जुमराती अंसारी, मो. शाहरुख, मनोज शर्मा, सरफुद्दीन, हवलदार महेंद्र यादव, आरक्षी धर्मवीर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
-
पुलिस की तत्परता ने टाली संभावित वारदात
पुलिस की तत्परता और सूझबूझ के कारण एक संभावित अपराध टल गया। हथियार और कारतूस के साथ घूम रहे बदमाश की गिरफ़्तारी ने यह साबित कर दिया है कि साहिबगंज पुलिस अपराध नियंत्रण को लेकर पूरी तरह चौकस है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
एसडीपीओ किशोर तिर्की ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार गश्ती और निगरानी कर रही है तथा अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
ये भी पढ़ें: Barharwa: ब्रह्मपुत्र मेल में आरपीएफ की छापेमारी, 80 कैन बीयर बरामद









