Sahibganj: झारखंड के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आलमगीर आलम को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कांग्रेस सहकारिता विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष शाहनवाज नासिर के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बरहरवा स्टेशन चौक पर जोरदार जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर अपनी खुशी का इजहार किया तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
जश्न के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आलमगीर आलम के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था और आखिरकार सच की जीत हुई है। कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने इसे पार्टी के लिए राहत भरा क्षण बताया।
इस मौके पर कांग्रेस सहकारिता विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष शाहनवाज नासिर ने कहा कि जनाब आलमगीर आलम साहब हमेशा गरीबों, मजदूरों और आम जनता की आवाज उठाने वाले जनप्रिय नेता रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक साजिश के तहत उन्हें परेशान किया गया, लेकिन न्यायपालिका ने निष्पक्ष फैसला देकर लोकतंत्र और संविधान की गरिमा को मजबूत किया है।
शाहनवाज नासिर ने कहा,
“हमें शुरू से विश्वास था कि आलमगीर आलम साहब को न्याय जरूर मिलेगा। वह झारखंड की जनता के दिलों में बसने वाले नेता हैं। सुप्रीम कोर्ट का फैसला यह साबित करता है कि सच को ज्यादा दिनों तक दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस पार्टी का हर कार्यकर्ता आज बेहद खुश है और यह खुशी पूरे राज्य के लोगों की भावना को दर्शाती है।”
उन्होंने आगे कहा कि आलमगीर आलम ने हमेशा समाज के हर वर्ग के लिए काम किया है और उनके नेतृत्व में क्षेत्र का विकास हुआ। यही कारण है कि आज उनकी जमानत की खबर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों में भी उत्साह का माहौल है।
जश्न कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।
ये भी पढ़ें: Ranchi: सुप्रीम कोर्ट से आलमगीर आलम और संजीव लाल को जमानत, ईडी की आपत्तियों के बावजूद मिली राहत








