Bengal CM Oath Ceremony: बंगाल में सत्ता परिवर्तन का नया अध्याय, शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की ली शपथ

Bengal CM Oath Ceremony: पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला, जब भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। लगभग डेढ़ दशक तक ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस के शासन के बाद राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनी है। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, कई केंद्रीय मंत्री तथा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित रहे।

रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर आयोजित इस समारोह को भाजपा ने सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से विशेष महत्व दिया। सुबह 11 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में हजारों समर्थकों की मौजूदगी ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके साथ भाजपा के पांच विधायकों दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तोनिया, क्षुदिराम टुडू और निशीथ प्रमाणिक ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।

शुक्रवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया था। अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री पद के लिए किसी अन्य नाम का प्रस्ताव तक नहीं आया। शुभेंदु अधिकारी का राजनीतिक सफर बंगाल की राजनीति में एक बड़े बदलाव का प्रतीक माना जा रहा है। कभी ममता बनर्जी के करीबी सहयोगी रहे अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामा और फिर चुनाव में ममता बनर्जी को उनके मजबूत राजनीतिक गढ़ में चुनौती देकर पराजित किया।

इस चुनाव में भाजपा ने 293 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। भाजपा की इस जीत को राज्य की राजनीति में एक निर्णायक मोड़ माना जा रहा है।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि बंगाल में अब विकास और युवाओं के सशक्तिकरण का नया दौर शुरू होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार कई केंद्रीय योजनाओं में सहयोग नहीं कर रही थी, जिससे राज्य के युवाओं को नुकसान उठाना पड़ रहा था।

वहीं भाजपा सांसद बिप्लब कुमार देब ने इस जीत को बंगाल की जनता की जीत बताते हुए कहा कि लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकास की राजनीति पर भरोसा जताया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल विकास और सुशासन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवगठित मंत्रिमंडल का अभिवादन किया और सभी मंत्रियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। बंगाल में भाजपा सरकार के गठन के साथ ही राज्य की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है।

ये भी पढ़ें: West Bengal में सत्ता बदली, लेकिन सड़कों पर उतर आया हिंसा का साया

WASIM AKRAM
Author: WASIM AKRAM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements
Rajesh Jaiswal - Ad created on August 15, 2025

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!