Radhanagar (Sahibganj): राधानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम साल्टीपोखर में सोमवार दोपहर लगभग 3:30 बजे एक दर्दनाक पारिवारिक घटना सामने आई, जिसमें मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक ने अपने चाचा की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सुलेमान बास्की (उम्र लगभग 60 वर्ष), पिता चरण बास्की, के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपित सुनील बास्की (उम्र लगभग 35 वर्ष), जो मृतक का भतीजा है, ने डंडे से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज हेतु अस्पताल ले जाने के क्रम में सुलेमान बास्की की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी सुनील बास्की का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं है, और उसे घटना के बाद पुलिस ने अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने मामले को लेकर राधानगर थाना कांड संख्या 265/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। शव को पोस्टमार्टम हेतु अनुमंडल अस्पताल, राजमहल भेजा गया है।
राधानगर पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटना से गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, सुनील लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ था, लेकिन उसके इलाज और देखभाल को लेकर परिवार में पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए थे।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: जिला स्तरीय स्टेयरिंग-सह-मॉनिटरिंग समिति की बैठक सम्पन्न, शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा









