-
ऑटो-टोटो वालों के लिए 1 और 2 अगस्त को लगेगा विशेष कैंप
Barharwa (Sahibganj) 29 जुलाई: कांग्रेस जिलाध्यक्ष और विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने मंगलवार को बरहरवा प्रखंड मुख्यालय में लगे जनता दरबार में आम लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में तुरंत संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। दरबार में पीएम आवास, पेंशन, राशन कार्ड, आधार अपडेट, जमीन विवाद, जाति-निवास प्रमाण पत्र, मनरेगा मजदूरी, बैंक से जुड़ी शिकायतें और ऑटो-टोटो लाइसेंस जैसे कई मुद्दे लोगों ने उठाए। बरकत खान ने एक-एक फरियादी की बात ध्यान से सुनी और कहा कि जनता की सेवा ही उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
वार्ड संख्या 13 की कौशल्या देवी के पति मोतीलाल ने शिकायत की कि उन्हें पीएम आवास की दूसरी किस्त अब तक नहीं मिली है। इस पर बरकत खान ने तुरंत नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी से बात कर कहा कि भुगतान जल्द से जल्द किया जाए। तीन पहिया टोटो और ऑटो चालकों की लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन से जुड़ी परेशानियों को देखते हुए बरकत खान ने बताया कि विधायक निसात आलम की पहल पर 1 और 2 अगस्त को बरहरवा प्रखंड मुख्यालय में विशेष कैंप लगेगा। इसमें टोटो-ऑटो वालों के कागज़ जमा किए जाएंगे और उनका लाइसेंस बनवाया जाएगा।
बरकत खान ने कहा,
“जनता की शिकायतों का समाधान मेरी प्राथमिकता है। जब तक समाधान नहीं होगा, तब तक चैन से नहीं बैठूंगा।”
जनता दरबार में अली अहमद, नजमा बीवी, लकी रजवाड़, शमसुद्दीन मियां, बहादुर किस्कू, सुशील मुर्मू, सिराज सेख, कौशल्या देवी सहित कई गांवों और मोहल्लों से लोग पहुंचे थे। इस मौके पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू, नेहाल अख्तर, विकास सिंह, आफताब आलम समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।
ये भी पढ़ें: Barharwa: कोटालपोखर में निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन









