-
पश्चिम बंगाल से तस्करी कर ला रहा था नशे की दवा
Barharwa (sahibganj), 1 अगस्त: बरहरवा थाना पुलिस ने गुरुवार देर रात नशे के खिलाफ चलाए गए एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के तहत 103 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई फूटानी मोड़ के पास की गई, जहां पश्चिम बंगाल की ओर से आ रही एक संदिग्ध बाइक को जांच के लिए रोका गया।
थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में एएसआई राजनाथ साह सहित अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल थे। जांच के दौरान बाइक (नं. JH 18 H 9603) पर लदे बोरे की तलाशी ली गई, जिसमें कुल 103 बोतल प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुए। गिरफ्तार युवक की पहचान मेहंदीदंगा निवासी मसूद आलम के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, मसूद पुलिस को देख भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तत्परता से कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि वह यह नशे की दवा पश्चिम बंगाल के फरीदपुर से लाकर अपने गांव में बेचता था।
थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने बताया कि,
“जब्त कफ सिरप को विधिवत रूप से सील कर लिया गया है और आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।”
ये भी पढ़ें: Pakur: हेपेटाइटिस दिवस पर जागरूकता रथ रवाना









