Pathna/Sahibganj, 22 अगस्त: रांगा थाना क्षेत्र के सरायबिंदा गांव में गुरुवार देर रात 38 वर्षीय एक विवाहिता की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव निवासी राजेश पंडित की पत्नी ममता देवी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
मृतका के मायके वालों ने पति, सास और ससुर पर प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, ममता देवी पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के लिलुआ थाना क्षेत्र के चाकपाड़ा निवासी प्रभाकर पंडित की पुत्री थीं। करीब 20 वर्ष पूर्व उनकी शादी राजेश पंडित से हुई थी।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति शराब पीकर मारपीट और प्रताड़ना करता था। दो वर्ष पूर्व भी इस मामले को लेकर रांगा थाना में समझौता कराया गया था। इस बीच मृतका के 17 वर्षीय पुत्र ने भी पुलिस को बताया कि उसका पिता नशे की हालत में मां से अक्सर झगड़ा करता था। फिलहाल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की छानबीन की जा रही है।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: कालाजार प्रभावित चौकीढाब गाँव में रात्रि चौपाल, ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच और जागरूकता अभियान









