Sahibganj: साहिबगंज जिले के गदाई दियारा क्षेत्र में गंगा नदी में मगरमच्छ देखे जाने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन प्रमंडल साहिबगंज ने आमजन को सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि मगरमच्छ सामान्य परिस्थितियों में इंसानों पर हमला नहीं करते और उनका मुख्य आहार मछलियां होती हैं। इसके बावजूद लोगों को एहतियात बरतने की जरूरत है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे मगरमच्छ से दूरी बनाए रखें, बच्चों और पालतू जानवरों को नदी के किनारे न ले जाएं और फिलहाल पानी में उतरने से परहेज करें।
विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि मगरमच्छ को किसी तरह का भोजन न दें और न ही उसके पास जाने या छेड़छाड़ करने का प्रयास करें। अगर किसी को मगरमच्छ दिखाई देता है, तो तत्काल सूचना वन विभाग को दें। इसके लिए नागरिक +91 70613 91175 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
वन विभाग के अनुसार गंगा में मगरमच्छ की मौजूदगी नदी के पारिस्थितिकी तंत्र के लिए सकारात्मक संकेत है। लेकिन मानव सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए लोगों का सहयोग बेहद जरूरी है।









