Pakur में मासिक अपराध गोष्ठी संपन्न, पुलिस अधीक्षक ने दिए सख्त दिशा-निर्देश

Monthly crime seminar concluded in Pakur, Superintendent of Police gave strict guidelines.

Pakur: पुलिस अधीक्षक पाकुड़ की अध्यक्षता में शुक्रवार को मासिक अपराध गोष्ठी एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों समेत वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सितंबर माह में दर्ज एवं निष्पादित कांडों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए गए।

आगामी दीपावली और छठ पर्व को लेकर पुलिस अधीक्षक ने जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान चोरी और छिनतई की घटनाओं पर रोक लगाना प्राथमिकता होगी। इसके लिए बैंक, एटीएम और ज्वेलरी दुकानों के आसपास विशेष गश्त बढ़ाने के साथ पैदल और बाइक पेट्रोलिंग के निर्देश जारी किए गए।

पुलिस अधीक्षक ने कोयला चोरी पर भी सख्ती दिखाते हुए बाइक और साइकिल के माध्यम से होने वाली अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए नियमित छापामारी अभियान चलाने का आदेश दिया। साथ ही अवैध पत्थर और बालू के उत्खनन व परिवहन के विरुद्ध जिला खनन टास्क फोर्स के साथ संयुक्त अभियान चलाने को भी कहा गया।

बैठक में नशामुक्ति, मानव तस्करी, साइबर अपराध, महिला अत्याचार और सड़क सुरक्षा को लेकर स्कूल-कॉलेजों में नियमित जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए परिवहन विभाग के साथ समन्वय कर प्रतिदिन वाहन जांच अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया। इस दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस और नशे में वाहन चलाने वालों पर विशेष कार्रवाई की बात कही गई।

नो-एंट्री के दौरान प्यादपुर पुल और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगने वाले जाम की समस्या को दूर करने के लिए यातायात प्रभारी को विशेष रणनीति बनाने का निर्देश दिया गया। बैठक में उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों की भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS/BNSS/BSA) से संबंधित जानकारी की लिखित परीक्षा भी ली गई, जिसमें उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा दहेज प्रताड़ना, भ्रूण हत्या और भ्रूण जांच से संबंधित कानूनी प्रावधानों पर सभी अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक अपराधों पर रोक लगाना भी पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है।

यह भी पढ़ें: Sahibganj: उपायुक्त ने जनता दरबार में सुनी लोगों की समस्याएं, समाधान का दिया आश्वासन

WASIM AKRAM
Author: WASIM AKRAM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!