Dumka/Raniswar: रानेश्वर बाजार व आसपास के इलाकों में पेयजल की समस्या गहराती जा रही है। बाजार के पास स्थित चापाकल पिछले 6 महीनों से खराब पड़ा है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाजार आने-जाने वाले राहगीरों को भी पीने के पानी की समस्या झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि चापाकल के आसपास गंदगी भी जमा हो गई है, जिससे दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। रानेश्वर हटिया परिसर में भी एक चापाकल महीनों से खराब है, जिससे हटिया आने वाले लोगों को पानी भरने में परेशानी हो रही है।
इसी तरह पाथरा गांव के काली मंदिर के पास, मुस्लिम टोला, और परिहारपुर गांव के पास भी एक-एक चापाकल लंबे समय से बंद पड़ा है। कुल मिलाकर पांच चापाकल बंद रहने से ग्रामीणों को दूर-दराज से पानी ढोना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि इन चापाकलों की जल्द मरम्मत कर दी जाए तो सैकड़ों लोगों की पेयजल समस्या दूर हो जाएगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और पीएचईडी विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।









