-
रामगढ़ अंचल के पूर्णिया ग्राम में 10 हजार सीएफटी बालू जब्त, एफआईआर दर्ज
Dumka: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी (DMO) आनंद कुमार के नेतृत्व में रामगढ़ अंचल के पूर्णिया ग्राम में अवैध बालू भंडारण के खिलाफ मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। संयुक्त छापेमारी में लगभग 10 हजार सीएफटी बालू जब्त किया गया। इस मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हंसडीहा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
डीएमओ आनंद कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि रामगढ़ अंचल क्षेत्र में बालू का अवैध भंडारण किया जा रहा है। इसके बाद खान निरीक्षक मंजीत कुमार दुबे एवं पुलिस बल के साथ पूर्वाह्न 11 बजे छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान ग्राम पूर्णिया में भारी मात्रा में बालू भंडारित पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि भंडारित बालू के लिए विभाग से कोई लाइसेंस निर्गत नहीं किया गया था। इसके बाद अवैध बालू को जब्त कर लिया गया और थाने में मामला दर्ज कराया गया।
अवैध भंडारण कानूनन अपराध: आनंद कुमार, डीएमओ
जिला खनन पदाधिकारी आनंद कुमार ने कहा कि अवैध तरीके से बालू का भंडारण, परिवहन या खनन कानूनन अपराध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी कीमत पर अवैध खनन व भंडारण की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









