Dumka: समाहरणालय सभागार में बुधवार को सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने की। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, मुखिया, कृषक मित्र, आंगनवाड़ी सेविकाएँ एवं कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सम्पूर्णता अभियान नीति आयोग की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके तहत आकांक्षी जिला एवं प्रखंडों में चयनित विकास संकेतकों को शत-प्रतिशत संतृप्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
दुमका जिले में आकांक्षी जिला कार्यक्रम के 6 संकेतकों में से 4 को सम्पूर्णता अभियान के दौरान शत-प्रतिशत संतृप्त किया गया। रामगढ़ प्रखंड ने 6 में से 4 संकेतक और जरमुंडी प्रखंड ने 3 संकेतक पूर्ण किए। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए रामगढ़ प्रखंड को कॉपर मेडल और जरमुंडी प्रखंड को ब्रॉन्ज अवार्ड से सम्मानित किया गया।
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। समारोह में विभिन्न प्रखंडों के अधिकारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, कृषक मित्रों और जनप्रतिनिधियों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए Letter of Appreciation दिया गया।
उपायुक्त ने बधाई देते हुए कहा,
“यह उपलब्धि पूरे जिले के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। सम्पूर्णता अभियान के माध्यम से हम विकास की नई ऊँचाइयों को छू सकते हैं। सभी विभागों के समन्वित प्रयास से शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाएगा।”
उन्होंने अधिकारियों से नीति आयोग के मानकों के अनुरूप आकांक्षी प्रखंडों में विकास की गति को और तेज करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मियों को सम्मानित कर किया गया।
सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह के माध्यम से आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मियों और जनप्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। @NITIAayog @HemantSorenJMM pic.twitter.com/x1o3i4sqFs
— DC_Dumka (@DumkaDc) October 15, 2025









