-
पुलिस ने शुरू की जांच, राजमहल एसडीपीओ पहुंचे मौके पर
Tinpahar (Sahibganj): तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित भगत मुहल्ले में शुक्रवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक आभूषण दुकान में सेंध लगाकर लाखों रुपये के गहनों की चोरी कर ली। घटना से पूरे बाजार में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित दुकानदार अरुण स्वर्णकार की दुकान में चोरों ने ईंट की दीवार काटकर प्रवेश किया और शटर खोलकर अंदर रखे लगभग 8 से 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और करीब 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान में करीब चार किलो चांदी और लगभग 25 ग्राम सोना शामिल बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही दुकानदार ने तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडे को सूचित किया। सूचना पर थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। वहीं, राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए। उन्होंने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कहा कि पुलिस जल्द ही इस वारदात में शामिल चोरों को गिरफ्तार कर लेगी।
घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में भारी रोष व्याप्त है। व्यापारी वर्ग ने बाजार में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और दोषियों को शीघ्र पकड़ने की मांग की है।
ये भी पढ़ें: Pakur: सड़क हादसे में चार वर्षीय बच्ची की मौत, ग्रामीणों ने शव रखकर किया सड़क जाम









