Dhanbad में ED की बड़ी कार्रवाई, एलबी सिंह समेत 18 ठिकानों पर तड़के छापामारी

Ranchi/Dhanbad: कोयला राजधानी धनबाद में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। बीसीसीएल के चर्चित ठेकेदार और बड़े कोयला कारोबारी एलबी सिंह सहित कई अन्य कारोबारियों और अफसरों के ठिकानों पर तड़के छह बजे से छापामारी शुरू की गई। कोयला टेंडरों में व्यापक गड़बड़ी और अनियमितताओं की जांच के तहत ईडी ने धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में कुल 18 ठिकानों को जांच दायरे में शामिल किया है।

सूत्रों के अनुसार, जिन ठिकानों पर कार्रवाई चल रही है, उनमें धनबाद के कुछ अन्य प्रभावशाली कोयला कारोबारी भी हैं। ईडी की टीमें अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच कर रही हैं और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को खंगाला जा रहा है। कार्रवाई से पूरे कोयला क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है।

इधर, कोलकाता स्थित ईडी की एक अन्य टीम पश्चिम बंगाल में भी समानांतर कार्रवाई कर रही है। वहां कोयला कारोबार से जुड़े ठेकेदारों, ट्रांसपोर्टरों और ईसीएल के अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी जारी है। ईडी का मानना है कि कोयला आपूर्ति और परिवहन से जुड़े कई नेटवर्क आपस में जुड़े हुए हैं, जिनकी एक साथ जांच जरूरी है।

गौरतलब है कि धनबाद के चर्चित ठेकेदार एलबी सिंह के ठिकानों पर इससे पहले आयकर विभाग भी बड़ी छापामारी कर चुका है। उस दौरान एलबी सिंह से जुड़े खातों की जांच में करीब 100 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए थे, जिसने पूरे कोयला उद्योग में सनसनी फैला दी थी। इसके बाद सीबीआई ने बीसीसीएल में टेंडर आवंटन में कथित गड़बड़ियों को लेकर एक ईसीआईआर दर्ज किया था, जिसके आधार पर ईडी ने अपनी जांच की दिशा आगे बढ़ाई।

ताज़ा कार्रवाई को बीसीसीएल टेंडरों में हुई कथित अनियमितताओं की कड़ी में सबसे बड़ी छापेमारी माना जा रहा है। ईडी की जांच से यह स्पष्ट है कि एजेंसी कोयला कारोबार से जुड़े व्यापक आर्थिक अपराध के नेटवर्क तक पहुंचने के लिए आक्रामक रुख अपनाए हुए है। कार्रवाई देर शाम तक जारी रहने की संभावना है।

ये भी पढ़ें: Ranchi: अखिल भारतीय साहित्य परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से की मुलाकात

WASIM AKRAM
Author: WASIM AKRAM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!