Sahibganj: सदर अंचल क्षेत्र के हाजीपुर दियारा और भीठा में प्रस्तावित घरेलू एयरपोर्ट व एयर कार्गो हब की संभावनाओं को परखने दिल्ली से आई भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की छह सदस्यीय टीम ने सोमवार को विस्तृत प्री-विजिबिलिटी स्टडी की। टीम की अगुवाई मेघा रोहिल्ला ने की। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता गौतम भगत, सदर एसडीओ अमर जॉन आइन्द और सदर सीओ बासुकीनाथ टूडू मौजूद रहे।
अधिकारियों ने टीम को प्रस्तावित स्थल का भ्रमण कराया और एयरपोर्ट निर्माण से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियाँ उपलब्ध कराईं। टीम ने चिन्हित 484.30 एकड़ जमीन का भौतिक निरीक्षण किया और नक्शे से उसका मिलान करते हुए भू-प्रकार, रनवे के लिए संभावित क्षेत्र, एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की गुंजाइश, आसपास के भूगोल और पर्यावरणीय स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एनएच-80 और एनएच-33 से दूरी, पहुंच मार्ग, नदी, तालाब तथा आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों का भी विस्तार से अध्ययन किया गया।

अपर समाहर्ता गौतम भगत ने बताया कि एयरपोर्ट निर्माण के लिए प्रशासन ने कुल 495 एकड़ भूमि चिन्हित की है, जिसमें 57 एकड़ सरकारी और शेष रैयती भूमि शामिल है। रैयती भूमि का अधिग्रहण कर परियोजना को आगे बढ़ाने की योजना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली से आई टीम एक माह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर तय होगा कि साहिबगंज में एयरपोर्ट बनना संभावित है या नहीं।
एएआई की टीम के निरीक्षण के बाद जिले में एयरपोर्ट को लेकर नई उम्मीदें जागी हैं, वहीं स्थानीय स्तर पर इस अहम परियोजना को लेकर उत्सुकता भी बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें: दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र का निधन, दोपहर 1 बजे घर पर ली अंतिम सांस, विले पार्ले श्मशान घाट में बढ़ाई गई सुरक्षा









