New Delhi: लोक सेवा समिति द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में झारखंड के वरिष्ठ समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं जेसुइट पादरी फादर डॉ. एम. के. जोसेफ को “राष्ट्रीय सेवा सम्मान-2025” से सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर देश की कुल 16 विशिष्ट विभूतियों को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। वर्तमान में सेंट जेवियर्स कॉलेज महुआडांड़ के प्रिंसिपल के रूप में सेवाएं दे रहे फादर डॉ. जोसेफ ने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, कानूनी सहायता और समाज सेवा के क्षेत्र में विशेषकर झारखंड के दूरदराज इलाकों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
उन्होंने हजारीबाग और चतरा जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में 17 वर्षों तक महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करते हुए औपचारिक और अनौपचारिक शिक्षा को बढ़ावा दिया तथा एक हजार से अधिक महिला स्वयं सहायता समूहों के गठन में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में सेंट जेवियर्स कॉलेज महुआडांड़ ने NAAC से A+ ग्रेड प्राप्त किया और स्वायत्त दर्जा हासिल किया है। इससे पूर्व उन्हें भारत शिक्षा रत्न पुरस्कार-2025 सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। दलितों, वंचितों, महिलाओं और बच्चों के उत्थान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें एक प्रेरणादायक समाजसेवी और शिक्षाविद् के रूप में स्थापित करती है।
ये भी पढ़ें: Ranchi: एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हुए CM Hemant Soren, जमानत पर राहत, अब 12 दिसंबर पर टिकी निगाहें









