Jamui: बिहार के जमुई जिले में शनिवार देर रात एक भीषण रेल हादसा हो गया, जिसने जसीडीह–झाझा मुख्य रेलखंड को पूरी तरह जाम कर दिया। सीमेंट से लदी एक मालगाड़ी टेलवा बाजार हॉल्ट के समीप बधुआ नदी पर बने पुल संख्या 676 पर पटरी से उतर गई। हादसा रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच हुआ, जब मालगाड़ी पुल पर से गुजर रही थी। झटके इतने तेज थे कि कई डिब्बे पुल से नीचे नदी में जा गिरे, जबकि कुछ डिब्बे पुल पर ही पलटकर एक-दूसरे पर चढ़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और रेलवे सूत्रों के अनुसार मालगाड़ी के कुल 16 से 19 डिब्बे बेपटरी हो गए, जिनमें से कम से कम तीन डिब्बे सीधे नदी में समा गए। हादसे के बाद सीमेंट के बोरे चारों ओर बिखर गए और ट्रैक को भारी नुकसान पहुंचा। यह रेलखंड आसनसोल रेल मंडल के अंतर्गत आता है, जहां इस दुर्घटना के चलते अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया।

हादसे का असर किउल–जसीडीह रेलखंड पर भी साफ दिखा। कई यात्री ट्रेनें और मालगाड़ियां विभिन्न स्टेशनों पर रोक दी गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और घंटों तक रेल यातायात ठप रहा। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और तकनीकी टीमें मौके पर पहुंचीं तथा क्रेन की मदद से बेपटरी डिब्बों को हटाने और ट्रैक बहाली का कार्य शुरू किया गया।
राहत की बात यह रही कि मालगाड़ी होने के कारण इस हादसे में कोई यात्री सवार नहीं था और न ही किसी के हताहत या घायल होने की खबर है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या ट्रैक में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा। इस बड़े हादसे ने एक बार फिर रेल सुरक्षा और ट्रैक रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









