Sahibganj: जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में सिदो-कान्हू स्टेडियम में आयोजित अंडर-16 जिला क्रिकेट लीग टूर्नामेंट का खिताब संत जेवियर स्कूल बी ने अपने नाम कर लिया। शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में संत जेवियर स्कूल बी ने जवाहर नवोदय विद्यालय को 9 विकेट से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
टॉस जीतकर संत जेवियर स्कूल बी ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नवोदय विद्यालय की टीम 21.5 ओवर में 134 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। प्रीतम रविदास और धीरज कुमार ने 27-27 रन, साहिल राज ने 22 तथा आशीष कुमार ने 16 रन का योगदान दिया। संत जेवियर बी की ओर से अभिज्ञान ओझा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट चटकाए, जबकि अमित राज को 3 और आदित्य ज्ञान को 1 विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी संत जेवियर स्कूल बी की टीम ने 16.3 ओवर में महज एक विकेट गंवाकर 138 रन बनाते हुए आसान जीत दर्ज की। आदित्य ज्ञान ने नाबाद 69 रन की उत्कृष्ट पारी खेली, जबकि मो जुनैद परवेज 29 और अमित राज 23 रन बनाकर नाबाद लौटे। नवोदय की ओर से मो इबकार को एकमात्र सफलता मिली।
मैच में अंपायरिंग श्याम रंजन तिवारी और चंदन यादव ने की, जबकि स्कोरिंग मो अनाउल्लाह के जिम्मे रही। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए संत जेवियर स्कूल बी के अभिज्ञान ओझा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा और विशिष्ट अतिथि सदर एसडीओ अमर जॉन आइन्द ने विजेता, उपविजेता और खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जेएससीए सदस्य चंदेश्वर प्रसाद सिन्हा उर्फ बोदी सिन्हा ने अतिथियों का मोमेंटो देकर सम्मान किया। समारोह में मैन ऑफ द सीरीज अमित राज, बेस्ट बैट्समैन आदित्य ज्ञान और बेस्ट बॉलर सूरज राज को भी सम्मानित किया गया। वहीं सूर्या हेल्थ एजुकेशनल ट्रस्ट की ओर से अंडर-16 के खिलाड़ियों मो जुनैद व आदित्य ज्ञान तथा अंडर-14 के खिलाड़ी ऋषभ राज को किट प्रदान करने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम में जिला क्रिकेट संघ के सचिव अंकुर सिन्हा, टूर्नामेंट इंचार्ज अशफाक आलम सहित खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: अस्पताल में वाहन संकट, डेढ़ घंटे बाद ऑटो से शव ले जाने को मजबूर हुए परिजन









