Sahibganj Municipal Election: साहिबगंज नगर परिषद् के वार्ड संख्या 12 से समाजसेवी शाहिद अंसारी की पत्नी हीना प्रवीण ने नगर निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर राजनीतिक परिदृश्य में नया अध्याय जोड़ दिया। 28 वार्डों वाली साहिबगंज नगर परिषद् में वार्ड 12 की प्रत्याशी हीना प्रवीण ने सर्वाधिक 625 मतों के बड़े अंतर से विजय हासिल की। उन्हें कुल 837 मत प्राप्त हुए, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी मुसर्रत बानो को मात्र 212 मतों से संतोष करना पड़ा।
मतगणना के परिणाम सामने आते ही वार्ड 12 में जश्न का माहौल बन गया। हीना प्रवीण और शाहिद अंसारी के समर्थकों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशी का इज़हार किया, जिंदाबाद के नारे लगाए और जमकर आतिशबाजी की। पूरे इलाके में जीत की खुशी साफ झलकती रही।
जीत के बाद शाहिद अंसारी ने कहा कि पिछले तीन चुनावों से इस वार्ड पर एक ही परिवार का कब्जा रहा, जिसके कारण वार्ड विकास से वंचित रह गया था। जनता ने इस बार बदलाव का मन बनाया और उन्हें अवसर दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे और वार्ड के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह जीत केवल एक प्रत्याशी की नहीं, बल्कि वार्ड 12 के मतदाताओं की उस उम्मीद की जीत है, जो वर्षों से विकास की राह देख रहे थे। अब सभी की निगाहें नवनिर्वाचित पार्षद हीना प्रवीण पर टिकी हैं कि वे किस तरह अपने वादों को धरातल पर उतारती हैं और वार्ड को नई दिशा देती हैं।
ये भी पढ़ें: Sahibganj Municipal Election: वार्ड 9 में रिफत प्रवीण की शानदार जीत, 75 मतों से सरफराज आलम को दी शिकस्त








