Sahibganj: बीते शुक्रवार की रात आए तेज आंधी-तूफान ने नगर परिषद क्षेत्र के चौक बाजार में एक दुकान को भारी नुकसान पहुंचा दिया। अचानक आई तेज हवाओं के कारण एक पुराना पेड़ उखड़कर सीधे दुकान पर गिर पड़ा, जिससे दुकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और सामान को भी नुकसान पहुंचा।
घटना की सूचना मिलते ही शनिवार की सुबह नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान उर्फ छोटू पासवान स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए नगर परिषद की टीम को निर्देशित किया और अपनी उपस्थिति में ही गिरे हुए पेड़ को हटाने का कार्य शुरू करवाया। कुछ ही घंटों में रास्ता साफ कर दिया गया, जिससे बाजार की सामान्य गतिविधियां फिर से शुरू हो सकीं।

इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने कहा कि,
“प्राकृतिक आपदा को टाला नहीं जा सकता, लेकिन प्रशासन की जिम्मेदारी है कि ऐसी स्थिति में त्वरित राहत पहुंचाई जाए। हमने प्राथमिकता के आधार पर पेड़ हटवाया और पीड़ित दुकानदार को हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया है। आगे भी नगर परिषद नागरिकों के साथ खड़ी रहेगी।”
वहीं, पीड़ित दुकानदार ने नगर परिषद अध्यक्ष के त्वरित हस्तक्षेप के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“रात में अचानक पेड़ गिरने से काफी नुकसान हुआ था और हम बेहद परेशान थे। लेकिन सुबह ही अध्यक्ष जी मौके पर पहुंचे और तुरंत मदद की। उन्होंने न सिर्फ पेड़ हटवाया बल्कि मुआवजा भी दिलवाया, इसके लिए मैं उनका दिल से धन्यवाद करता हूं।”
अध्यक्ष के इस त्वरित और संवेदनशील कार्य की चौक बाजार के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि प्रशासन की सक्रियता से बड़ी परेशानी टल गई और बाजार की रौनक जल्दी लौट आई।
ये भी पढ़ें: Sahibganj: पिण्ड्रारी पुल के पास लूटपाट में युवक को गोली मारने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार








